मंदसौर। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मल्हारगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलो 714 ग्राम अफीम जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 5.42 लाख रुपये आंकी गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेंद्र पंवार की टीम ने मुखबिर सूचना पर बांडा खाल चौराहा, मल्हारगढ़ से आरोपी सोहनलाल (18) निवासी राजस्थान को गिरफ्तार किया। आरोपी के पिट्ठू बैग से अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अफीम के स्रोत और तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेंद्र पंवार व मल्हारगढ़ पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
