मंदसौर। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार नाबालिग बच्चों की खोज के लिए प्रदेशभर में ऑपरेशन मुस्कान अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंदसौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वायडी नगर थाना पुलिस ने मात्र 15 घंटे में 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया।
जानकारी के अनुसार 29 अगस्त 2025 को वायडी नगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले में पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी संदीपसिंह मंगोलिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटना स्थल और संभावित ठिकानों पर लगातार तलाश की। मुखबिरों की मदद और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अपने व्यावसायिक कौशल का उपयोग कर नाबालिग बालिका को मात्र 15 घंटे में सुरक्षित बरामद कर लिया।
सराहनीय भूमिका-
इस सफलता में थाना प्रभारी संदीपसिंह मंगोलिया एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।