मंदसौर। जिले के पिपलियामंडी क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक बड़ी वारदात से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, थाड़ोद टोल पर अचानक दो दर्जन से अधिक बदमाशों ने एक कार को घेरकर हमला कर दिया। घटना में कार सवार परिवार के सदस्यों को चोटें आईं। पीड़ितों ने पिपलियामंडी थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया है।

पीड़ित कार चालक ओमप्रकाश गुर्जर ने बताया कि वे मूलतः मावली (राजस्थान) के निवासी हैं और वर्तमान में इंदौर में रहते हैं। परिवार सहित गांव से इंदौर लौटते समय यह वारदात हुई। उन्होंने बताया कि घटना से पहले निम्बाहेड़ा के पास उनकी कार का टक्कर एक बोलेरो पिकअप से हो गया था। इस विवाद के दौरान पिकअप चालक ने धमकी दी थी कि “मंदसौर आ, फिर बताता हूं।”

इसके बाद जब परिवार पिपलियामंडी के पास थाड़ोद टोल पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद 20-25 लोगों ने उनकी कार को चारों ओर से घेर लिया और पत्थरों व डंडों से हमला कर दिया। बदमाशों ने कार के आगे और पीछे के कांच तोड़ दिए। इस दौरान कार में सवार ओमप्रकाश का भाई सोमेश गुर्जर, पिता बाबूलाल गुर्जर, भाभी विष्णु गुर्जर सहित दो नन्हे बच्चे रूद्र और नंदनी भी घायल हो गए।

हालांकि सभी को हल्की चोटें आईं, लेकिन घटना से परिवार सहम गया। वारदात के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
