नीमच। नयागांव चेकपोस्ट के पास मंगलवार देर रात हुए भयानक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में मृतक की पहचान हरीश रजक धोबी (25) पिता मोतीलाल रजक निवासी माताजी की गली, जावद धानमंडी के पास के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक का नाम सूरज पिता सिकंदर बताया जा रहा है।

दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर निंबाहेड़ा की ओर से आ रहे थे, तभी अचानक उनकी बाइक एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हरीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस के ईएमटी स्टाफ परमानंद पाटीदार और पायलट नरेंद्र ने मृतक का शव और घायल सूरज को जिला चिकित्सालय पहुंचाया।

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से परिवार और इलाके में मातम छा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
