मंदसौर। मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) नीमच की टीम ने मंदसौर बाईपास पर आरटीओ कार्यालय के पास से एक टाटा 407 मिनी ट्रक से 1677.330 किलोग्राम पोस्ता भूसा ज़ब्त किया।

सीबीएन अधिकारियों को खुफिया जानकारी मिली थी कि राजस्थान पंजीकृत ट्रक नीमच क्षेत्र से मारवाड़ की ओर बड़ी खेप लेकर जा रहा है। सूचना पर गठित दल ने संदिग्ध मार्ग पर पूरी रात निगरानी रखी और 3 सितंबर की सुबह वाहन की पहचान कर रोक लिया।

ट्रक में बोतल सील लगे बंद कंटेनर में अवैध पोस्ता भूसा छिपाकर ले जाया जा रहा था। वाहन और उसमें सवार आरोपी को सीबीएन कार्यालय लाकर तलाशी ली गई, जिसमें 1677.330 किलोग्राम पोस्ता भूसा बरामद हुआ।

सीबीएन ने प्रतिबंधित सामग्री और वाहन को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और समाज को नशे की बुराई से बचाने के प्रति सीबीएन की सख्त प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
