मंदसौर। महू-नीमच हाईवे पर पिपलियामंडी के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल सवार दो युवक पिपलियामंडी से मंदसौर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक और घायल की पहचान-
हादसे में भवर सिंह (पुत्र मिट्टू सिंह), निवासी जग्गाखेड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जितेंद्र (पुत्र जवान सिंह सोंधिया राजपूत), निवासी जग्गाखेड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज पिपलियामंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

पोस्टमार्टम और जांच जारी-
पिपलियामंडी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। दोनों युवक किसी काम से पिपलियामंडी आए थे और वापस मंदसौर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
