पिपलियामंडी (मंदसौर)। भाजपा पिपलियामंडल के शक्ति केन्द्र प्रभारी कुशालसिंह राठौर ने थाना पिपलियामंडी में आवेदन देकर गांव के ही कुछ लोगों पर मानहानि का आरोप लगाया है। कुशालसिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि 17 सितंबर को गांव के पंकज पिता मुकेश पाटीदार ने विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में उनके संबंध में असत्य एवं भ्रामक पोस्ट डाली। पोस्ट में उनके पद ‘भाजपा शक्ति केन्द्र प्रभारी’ का उल्लेख करते हुए राजनीतिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।
शिकायतकर्ता ने कहा कि पंकज पाटीदार वर्ष 2022 में जनपद पंचायत मल्हारगढ़ चुनाव में उनके सामने प्रत्याशी रहा था, जिसके कारण वह व्यक्तिगत एवं राजनीतिक द्वेष रखता है। कुशाल सिंह के अनुसार, उक्त पोस्ट का समर्थन करते हुए गांव के ही प्रभुलाल पिता सुखलाल पाटीदार, अनिल पिता शालिग्राम पाटीदार एवं जगदीश पिता रामजी कुमावत ने भी अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुपों में वही संदेश शेयर कर टिप्पणियां कीं।
कुशालसिंह ने बताया कि उनका किसी भी प्रकार की घटना से कोई संबंध नहीं है, फिर भी उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से यह पोस्ट डाली गई। इससे उन्हें मानसिक पीड़ा के साथ-साथ राजनीतिक छवि को भी क्षति पहुंची है। उन्होंने थाना प्रभारी से आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।