नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के सेवानिवृत्त कार्मिकों के कल्याण एवं पुनर्वास तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, नीतियों और सुविधाओं की जानकारी प्रदान करने एवं समस्याओं के त्वरित निवारण हेतु ग्रुप केंद्र नीमच में मंगलवार को कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यक्रम उप महानिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
कार्यशाला में ग्रुप केंद्र नीमच के क्षेत्राधिकार एवं मध्य प्रदेश में निवासरत सीआरपीएफ के 35 पेंशनधारियों सहित शहीद और दिवंगत कार्मिकों के आश्रितों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं अध्यक्ष महोदय के समक्ष रखीं। इनमें से पेंशन संबंधी समस्या को छोड़कर अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
इस अवसर पर सुरेन्द्र कुमार, उप महानिरीक्षक ने संबोधित करते हुए कहा कि सभी पेंशनधारी और उनके आश्रित सीआरपीएफ परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। उनकी हर संभव सहायता करना बल की जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी समस्या के समाधान हेतु सीधे उनसे अथवा संबंधित स्टाफ से संपर्क किया जा सकता है।
कार्यशाला में ग्रुप केंद्र नीमच के राजपत्रित अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, पेंशनधारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उप महानिरीक्षक ने सभी पेंशनधारियों एवं आश्रितों का धन्यवाद ज्ञापित किया।