नीमच। कैंट थाना क्षेत्र के एलआईसी और अजीमगढ़ सर्कल के बीच बुधवार को हुए सड़क हादसे में बाइक और इलेक्ट्रिक स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसे में 4 छात्रों समेत कुल 5 लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार प्रवीण प्रजापति (32), निवासी द्वारकापुरी, बमबानी परिवार के ड्राइवर हैं। वे बुधवार को मुकुल बमबानी के बच्चे दर्श (16) और तानिया (9) को लेकर द्वारकापुरी जा रहे थे। इसी दौरान आईडीबीआई बैंक के पास स्कीम नंबर 9 निवासी राघव खड़ंगे की इलेक्ट्रिक स्कूटी से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।

टक्कर में राघव खड़ंगे और उनकी स्कूटी पर सवार प्रतीक शर्मा भी घायल हो गए। हादसे के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। दो घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है, एक का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है जबकि दो को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
