नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को मनासा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान ग्राम बरथून स्थित श्री गोपाल गौशाला का निरीक्षण किया। यह गौशाला स्थानीय स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान विठ्ठल बैरागी और समूह की महिलाओं ने जानकारी दी कि गौशाला में वर्तमान में 130 निराश्रित गौवंश, 30 बैल व सांड तथा 5 दुधारू गायों की समुचित देखभाल की जा रही है। यहां वर्मी कम्पोस्ट के माध्यम से गोबर से खाद और जैविक उर्वरक तैयार किया जा रहा है। जनसहयोग से गौशाला की बाउंड्री वाल का निर्माण कराया गया है तथा परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। पशुओं को सांची का सुदाना आहार उपलब्ध कराया जा रहा है और पशु चिकित्सक नियमित रूप से उपचार के लिए आते हैं। कलेक्टर ने गौशाला की सुव्यवस्थित व्यवस्था की सराहना की।
इस अवसर पर स्थानीय सरपंच पाटीदार, एसडीएम किरण आंजना, उप संचालक पशुपालन डॉ. राजेश पाटीदार, जनपद सीईओ आरिफ खान, महिला एवं बाल विकास अधिकारी अंकिता पंड्या सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित थे।
अंकुर उपवन में पौधारोपण-
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने गौशाला के समीप ग्राम पंचायत द्वारा विकसित अंकुर उपवन में अधिकारियों और समूह की महिलाओं के साथ पौधारोपण भी किया। इस उपवन में मियावाकी पद्धति से विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं, जो अब विकसित होकर उपवन का रूप ले चुके हैं।