नीमच। उपनगर नीमच सिटी स्थित महारानी लक्ष्मी बाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को झांसी की वीरांगना महारानी लक्ष्मी बाई की जयंती बड़ी गरिमा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम ने छात्राओं में देशभक्ति और प्रेरणा का संचार किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में स्थापित महारानी लक्ष्मी बाई की प्रतिमा पर प्राचार्य बालकिशन बनौधा द्वारा माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। उन्होंने कहा कि लक्ष्मीबाई स्वतंत्रता संग्राम की अग्रिम पंक्ति की ऐसी वीरांगना थीं, जिन्होंने अन्याय व पराधीनता के विरुद्ध अदम्य साहस का परिचय दिया। उनका जीवन बालिकाओं के लिए साहस, नेतृत्व और आत्मविश्वास का प्रेरक स्रोत है।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। सभी ने प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर वीरांगना को नमन किया। हेमलता वर्मा ने अपने प्रभावशाली संबोधन में कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई केवल इतिहास की नायिका नहीं, बल्कि हर उस लड़की की प्रेरणा हैं जो अपने सपनों के लिए साहसपूर्वक आगे बढ़ना चाहती है।
कार्यक्रम का संचालन मधुलिका शर्मा ने किया। स्टाफ सदस्यों द्वारा लक्ष्मीबाई के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग और वीरता की गाथाएँ प्रस्तुत की गईं, जिससे पूरा परिसर गर्व और सम्मान की भावना से भर उठा। विद्यालय परिवार ने राष्ट्र की इस महान पुत्री के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके साहस व निष्ठा को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।