नीमच। पूर्व सैनिक सेवा परिषद नीमच के जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह परिहार ने इंदौर में आयोजित दो दिवसीय प्रतिनिधि सभा में जिले का प्रतिनिधित्व किया। परिहार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मेजर जनरल वी.के. चतुर्वेदी (PVSM, AVSM, SM), प्रदेश अध्यक्ष रावत, मालवा प्रांत अध्यक्ष तिवारी सहित सभी प्रतिनिधियों के समक्ष नीमच जिले से संबंधित महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
परिहार ने सभा में नीमच में CSD कैंटीन और स्वास्थ्य सेवाओं (ECHS) को स्थाई रूप से प्रारंभ करने तथा मध्य प्रदेश में पूर्व सैनिकों के लिए पासिंग मार्क्स 50% करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शीघ्र समाधान के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया।
सभा में परिहार ने नीमच संगठन की सक्रियता का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि नीमच जिला संगठन न केवल प्रदेश, बल्कि देश के सबसे सक्रिय संगठनों में से एक है। संगठन द्वारा हर वर्ष दीपावली मिलन समारोह, होली मिलन समारोह, रक्तदान शिविर, कारगिल विजय दिवस एवं विजय दिवस समारोह सहित कई कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जाते हैं। संगठन पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सुख-दुख में सदैव साथ खड़ा रहता है तथा सामाजिक गतिविधियों और प्रशासनिक सहयोग में भी अग्रणी भूमिका निभाता है।
परिहार ने बताया कि नीमच जिले का प्रत्येक पूर्व सैनिक तन-मन-धन से संगठन के साथ खड़ा है, जिसके लिए संगठन सभी बहादुर पूर्व सैनिकों का आभार व्यक्त करता है। कार्यक्रम उपरांत जनरल चतुर्वेदी द्वारा मुमेंटो भेंट कर जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह परिहार का सम्मान किया गया। उक्त जानकारी पूर्व सैनिक सेवा परिषद जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह परिहार द्वारा प्रदान की गई।