पिपलियामंडी। नगरीय निकाय क्षेत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के दौरान बुधवार को एक बड़ी असुविधा तब सामने आई जब बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) पवन कुमार सोलंकी का स्वास्थ्य अचानक खराब हो गया। जानकारी के अनुसार वे अपने निर्धारित मतदान केंद्र क्रमांक 82, महावीर गंज पिपलियामंडी में कार्य कर रहे थे, तभी उन्हें अचानक चक्कर आने लगे और तबीयत बिगड़ने पर उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा किए गए प्राथमिक परीक्षण में उनका ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल सामान्य से काफी अधिक पाया गया, जिसके बाद चिकित्सकों ने तत्काल उन्हें आराम करने की सलाह दी।
घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद सीएमओ प्रवीण सेन, क्षेत्रीय पटवारी विकेश पाटीदार सहित अन्य स्टाफ अस्पताल पहुंचे और बीएलओ सोलंकी की तबीयत का हालचाल जाना। अधिकारियों ने उन्हें किसी भी प्रकार की चिंता न करते हुए स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और रेस्ट करने की सलाह दी।
बताया जा रहा है कि पवन सोलंकी, हाई स्कूल सेमली से बीएलओ के रूप में नियुक्त हैं और पिछले कई दिनों से लगातार क्षेत्र में मतदाता सूची संबंधी कार्यों में जुटे हुए थे। स्थानीय कर्मचारियों ने भी सोलंकी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।