देवास। माता टेकरी मार्ग स्थित एक गली में बुधवार को पांच वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। बच्चा घर के पास ही खेल रहा था कि तभी कुत्ते ने उसे दो से तीन जगह काट लिया। बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े और उसे कुत्ते से छुड़ाया। परिजन तुरंत बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई है।
परिजनों का कहना है कि बच्चे की पीठ और शरीर के अन्य दो हिस्सों पर गहरे घाव हुए हैं। डॉक्टरों ने घावों की सफाई कर आवश्यक दवाइयां दीं। फिलहाल बच्चा डॉक्टर्स की देखरेख में है और इलाज जारी है।
स्थानीय निवासी सूरज चौहान ने बताया कि “माताजी रोड पर घर के पीछे गली में बच्चा खेल रहा था। अचानक कुत्ते ने हमला कर दिया। अगर समय पर लोग न आते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।” उन्होंने बताया कि मोहल्ले में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है।
सूरज चौहान समेत अन्य स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर निगम की टीम कभी-कभार कुत्ते पकड़ने आती है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने से समस्या जस की तस बनी हुई है। शहर के कई हिस्सों में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में रोष है। सभी ने नगर निगम से मांग की है कि स्ट्रीट डॉग नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी और ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।