नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव के निर्देशन में परिवार से बिछड़े बालक नयन(परिवर्तित नाम) को पुनः परिवार से मिलवा दिया गया है।मंगलवार को झाबुआ जिले के निवासी बालक नयन(परिवर्तित नाम) आयु 14 वर्ष को उसके परिवार के पास सकुशल पहुंचाया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी म.बा.वि. नीमच अंकिता पंड्या ने उक्त जानकारी देते हुए बताया, कि बालक नयन(परिवर्तित नाम) आयु 14 वर्ष परिवार से नाराज़ होकर मंदसौर आ गया था जो बाल कल्याण समिति मंदसौर के आदेश से बालगृह नीमच में 9 नवंबर से आश्रयरत था। बालक के परिवार का पता लगाने हेतु बालक से बात की गई तो उसनै जिले का नाम बताया परन्तु ग्राम का नाम उसे याद नहीं था। माता-पिता के बारे में भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था। बालक नयन (परिवर्तित नाम) द्वारा नाराजगी के कारण घर से चले जाने की बात बताई गई।
प्रभारी अधीक्षक बालगृह नीमच प्रमोद कटारा एवं टीम द्वारा बालक के परिवार का पता लगाने का भरसक प्रयास किया गया। उक्त कार्य में सहायक संचालक मबावि झाबुआ अजय चौहान से भी मदद ली गई। मबावि व पुलिस टीम नीमच,मंदसौर एवं झाबुआ के संयुक्त प्रयासों से बालक के परिवार का पता चल गया कि बालक झाबुआ जिले का निवासी है। बाल कल्याण समिति मंदसौर के आदेश से बालक नयन (परिवर्तित नाम) को आज परिवार तक पहुंचा दिया गया। बालक के परिवार द्वारा प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया गया है।