पिपलियामंडी। मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान को प्रदेश के शीर्ष तीन स्थानों में शामिल करने के लक्ष्य को लेकर प्रशासन अब पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतर आया है। प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा की मल्हारगढ़ विधानसभा को SIR में शीर्ष श्रेणी में लाने के लिए राजस्व एवं नगरीय प्रशासन के अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है।
मल्हारगढ़ SDM स्वाति तिवारी, तहसीलदार बृजेश मालवीय, क्षेत्रीय पटवारी विकेश पाटीदार तथा नगर परिषद पिपलियामंडी के CMO प्रवीण सेन ने गुरुवार को पिपलियामंडी नगर के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर बूथ स्तर पर घर-घर संपर्क अभियान चलाया। अधिकारियों ने आम नागरिकों से मुलाकात कर उन्हें मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन तथा विलोपन से संबंधित फार्म शीघ्र भरकर जमा कराने की अपील की।
अधिकारियों ने नागरिकों को बताया कि SIR अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने का एक महत्वपूर्ण चरण है, जिसमें हर पात्र मतदाता का नाम सूची में दर्ज होना आवश्यक है।
क्षेत्र में चलाए जा रहे इस घर-घर संपर्क अभियान से आमजन में जागरूकता बढ़ी है और लोगों ने उत्सुकता के साथ फार्म भरने की प्रक्रिया में भाग लेना शुरू कर दिया है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस संयुक्त प्रयास से मल्हारगढ़ विधानसभा SIR अभियान में प्रदेश के टॉप-थ्री में अपना स्थान सुनिश्चित करेगी।