भोपाल। ब्राह्मण समाज की बेटियों को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने सख़्त रुख अपनाते हुए आईएएस अधिकारी संतोष कुमार वर्मा को देर रात कारण-बताओ नोटिस जारी किया है। सरकार ने वर्मा को सात दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जारी नोटिस में राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि वर्मा का बयान “अत्यंत आपत्तिजनक, अनुशासनहीनता दर्शाने वाला तथा प्रशासनिक आचरण के मानकों के विपरीत” है। शासन का कहना है कि इस तरह का वक्तव्य सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करता है और समाज में आक्रोश फैलना स्वाभाविक है। इन परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने तुरंत संज्ञान लेकर यह कार्रवाई की है।
इस प्रकरण ने प्रदेश की राजनीति और सामाजिक संगठनों में भी तीखी प्रतिक्रियाएँ पैदा की थीं। कई संगठनों ने बयान की निंदा करते हुए संबंधित अधिकारी पर कठोर कार्रवाई की मांग की थी। अब प्रदेशभर की निगाहें आईएएस संतोष कुमार वर्मा के जवाब और सरकार की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।