मुरैना। चंबल नदी से हो रहे रेत के अवैध उत्खनन की रोकथाम होना चाहिए, नियम-कानून से होना चाहिए। रेत का अवैध उत्खनन नहीं होना चाहिए। फिर भी राजनीति और समाज में कुछ गंदे लोग हैं, जो नियम-कानून तोड़कर अवैध उत्खनन जैसे काम करते हैं, ऐसे लोगों को मैं राष्ट्रदोही मानता हूं। यह बातें मुरैना जिले के प्रभार मंत्री और मप्र सरकार के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने मुरैना में मीडिया से चर्चा करते हुए कहीं।
दरअसल, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ की गाड़ी को रेत के ट्रैक्टर-ट्रालियों द्वारा साइड नहीं देने और कलेक्टर द्वारा अवैध रेत से भरे दो ट्रैक्टर-ट्राली पकड़ने की कार्रवाई के बाद से चंबल नदी से हो रहे अवैध उत्खनन का मामला फिर तूल पकड़े हुए हैं। गुरुवार को जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा मुरैना में थे। पत्रकारों ने जब प्रभारी मंत्री से पूछा कि आप भी रेत के अवैध कारोबार को गलत मानते हो, फिर भी यह नहीं रुक रहा क्या मुरैना में प्रभारी मंत्री के निर्देश नहीं माने जाते या फिर अन्य कोई दवाब है। इस पर उन्होंने कहा, कि मैं इस बारे में कलेक्टर से बात करता हूं, कि वह अवैध रेत पर कार्रवाई करें उन्होंने कहा, कि मेरे सीहोर में भी हैं ऐसे लोग।
पूरे प्रदेश में ऐसे गंदे लोग हैं, जो रेत का अवैध उत्खनन कर रहे हैं पत्रकारों ने पूछा कि इतना बड़े स्तर पर अवैध उत्खनन राजनीतिक संरक्षण में होता है क्याइस पर करण सिंह वर्मा ने कहा, कि जो राजनीति में रहकर अवैध उत्खनन जैसे कामों को संरक्षण देता है, वह राजनीति नहीं कर रहा वह धंधा कर रहा है मैं ऐसे लोगों को जनप्रतिनिधि नहीं मानता। पत्रकारों ने चंबल व क्वारी नदी बसे गांव जिनमें हर साल बाढ़ आती है, उनका विस्थापन नहीं होने पर सवाल किया तो प्रभारी मंत्री इससे अनभिज्ञता जताते हुए बोले कि मेरी जानकारी में यह मामला नहीं कलेक्टर से जानकारी लेकर इस मामले में भी प्रभावी कार्रवाई करवाएंगे।