खरगोन। अपने रिश्तेदार के यहां पगड़ी रस्म से लौट रहे ग्राम ठीबगांव निवासी दंपत्ति ग्राम रामपुरा और ठीबगांव के बीच से गुजर रही इंदिरा सागर परियोजना की मुख्य नहर में असंतुलित होकर गिर गए। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि पति और दो साल की बेटी को आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पिता और पुत्री का उपचार जिला अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है, चिकित्सकों ने बच्ची की हालत बिगडऩे पर इंदौर रेफर किया है।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी अनुसार नहर में डूबने से पुरुषोत्तम सुभाष पटेल ओर दर्शिता पिता पुरुषोत्तम (2) को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पटेल दंपति के हादसे के शिकार होने की सूचना पर बड़ी संख्या में रिश्तेदार और ग्रामीणजन भी अस्पताल पहुंचे थे।