अल्हेड़। शासकीय हाईस्कूल आल्हेड़ के छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण रविवार, 07 दिसम्बर 2025 को उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को तकनीकी ज्ञान, पर्यावरणीय समझ और ऐतिहासिक-धार्मिक स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव कराना था।
गांधी सागर बाँध में जाना जलविद्युत उत्पादन का तरीका-
भ्रमण के दौरान सबसे पहले विद्यार्थियों को बस द्वारा गांधी सागर बाँध ले जाया गया। मुख्य अभियंता की अनुमति से छात्रों ने बाँध परिसर के अंदर पहुँचकर जलविद्युत उत्पादन की पूरी प्रक्रिया को नज़दीक से देखा। मुख्य अभियंता एवं उनकी टीम ने जलस्तर, दबाव, टरबाइन संचालन तथा बिजली उत्पादन की वैज्ञानिक प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया। जर्मनी और जापान निर्मित विशाल टरबाइनों को देखकर छात्र-छात्राएँ आश्चर्यचकित रह गए और उन्होंने अनेक सवाल भी पूछे।
हिंगलाजगढ़ रिसॉर्ट में मस्ती, भोजन और खेलकूद-
इसके बाद एमपी टूरिज्म के हिंगलाजगढ़ रिसॉर्ट गार्डन में छात्रों ने प्राकृतिक वातावरण का आनंद लिया। सभी ने साथ बैठकर भोजन किया तथा विभिन्न खेल-कूद गतिविधियों में भाग लेकर खूब मस्ती की। भ्रमण के अगले चरण में विद्यार्थियों को क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल केदारेश्वर महादेव मंदिर ले जाया गया, जहाँ सभी ने श्रद्धापूर्वक दर्शन किए और स्थल के इतिहास व महत्व के बारे में जाना। भ्रमण के अंत में रामपुरा पहुँचकर रिंगवाल के पास छात्रों ने जल-पान किया और फिर स्कूल के लिए लौट पड़े। प्राचार्य बीए धाकड़ ने बताया कि यह शैक्षणिक यात्रा विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और मनोरंजक रही। सभी बच्चों ने नए अनुभव प्राप्त किए और समझ बढ़ाई।