नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन और मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत अमन वैष्णव के निर्देशन में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत सीताराम जाजू कॉलेज, नीमच में 100 दिवसीय बाल विवाह रोकथाम जागरूकता अभियान के तहत जागरूकता सह साइबर सुरक्षा सत्र आयोजित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी (म.ब.आ.वि.) अंकिता पंड्या ने बताया कि सत्र के दौरान सहायक संचालक वैभव बैरागी ने अभियान का उद्देश्य, आवश्यकता तथा कार्यक्रम की रूपरेखा विस्तारपूर्वक समझाई।
संस्था जन साहस के मास्टर ट्रेनर विकास अहीर ने छात्राओं को बाल विवाह, विवाह की वैध आयु, चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल सुरक्षा और संबंधित जागरूकता विषयों की जानकारी प्रदान की। सायबर सेल प्रभारी दीपक शिंदे एवं कुलदीप ने साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा ऑनलाइन भुगतान से संबंधित सावधानियों की जानकारी दी। परियोजना अधिकारी (नीमच नवीन) दीपिका नामदेव ने बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्परिणाम, रोकथाम के उपाय और उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में कॉलेज प्रिंसिपल प्रतिभा कालानी, प्रोफेसरगण, छात्राएं तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन में जिला परियोजना सहायक महेश कारपेंटर का विशेष सहयोग रहा।