नीमच। पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीणा शुक्रवार को नीमच पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नीमच रेलवे स्टेशन का लगभग 90 प्रतिशत विकास कार्य पूरा हो चुका है। वर्ष 1880 में निर्मित इस ऐतिहासिक स्टेशन को उसकी पारंपरिक पहचान बनाए रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।
मीणा ने बताया कि स्टेशन के व्यापक विकास पर लगभग 3 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। डेढ़ सौ वर्ष पुराने स्टेशन की मूल विरासत को सुरक्षित रखते हुए थीम आधारित निर्माण और सौंदर्यीकरण किया गया है। स्टेशन पर लिफ्ट लगाने का कार्य अंतिम चरण में है तथा क्लॉक टावर का रिनोवेशन उसके मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए पूरा किया जा चुका है।
यात्रियों की सुविधा के लिए कवर शेड का विस्तार, माल गोदाम पर गुड्स शेड निर्माण, तथा नॉन-फेयर रेवेन्यू बढ़ाने के लिए नए प्रयास जारी हैं। स्टेशन पर वन स्टेशनदृवन प्रोडक्ट (ओएसओपी) काउंटर भी संचालित हो रहा है, जिससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिल रहा है।
पीआरओ मीणा ने बताया कि डबल लाइन का कार्य मल्हारगढ़ तक पूरा हो गया है, जबकि मल्हारगढ़ से दलोदा तक का कार्य प्रगति पर है। स्टेशन पर महिला व पुरुष प्रतीक्षालयों का नवीनीकरण भी कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को अधिक स्वच्छ और सुविधाजनक व्यवस्था मिलेगी।
चर्चा के दौरान स्टेशन मास्टर वीके विश्वाह और वाणिज्य निरीक्षक प्रवीण ओझा भी उपस्थित रहे।