मंदसौर। पुलिस थाना नाहरगढ़ ने छह माह पुराने भाजपा मंडल उपाध्यक्ष श्यामलाल धाकड़ की सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल तथा एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण कीर्ति बघेल के निर्देशन में, थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।

घटना का संक्षिप्त विवरण-
दिनांक 18 जुलाई 2025 को सूचना दाता कंवरलाल धाकड़ ने बताया कि श्यामलाल पिता दौलतराम धाकड़ (45), निवासी हिंगोरिया बड़ा, की उसके घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में हत्या कर दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि मृतक के सिर, कान और गर्दन के बाएं हिस्से पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। प्रथम दृष्टया हत्या प्रकट होने पर थाना नाहरगढ़ में धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मृतक के शव का जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया गया।

जाँच में सामने आया चौंकाने वाला खुलासा-
विवेचना के दौरान पता चला कि मृतक श्यामलाल का गाँव की एक महिला से संपर्क था। मृतक द्वारा अपना घर और जमीन महिला के नाम करने की आशंका, तथा समाज में बदनामी के डर से उसके पिता दौलतराम धाकड़ ने अपने बेटे की हत्या की साजिश रची। दौलतराम ने सह-आरोपी गोपाल धाकड़, रंगलाल बाछड़ा, सुमित बाछड़ा और अटलू बाछड़ा के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और 5 लाख रुपये की सुपारी दी। 17 जुलाई की रात रंगलाल, सुमित और अटलू मोटरसाइकिल से हिंगोरिया बड़ा पहुँचे। दौलतराम द्वारा बताए गए रास्ते से वे सीढ़ियों के जरिए श्यामलाल के कमरे में घुसे, जहाँ वह पलंग पर सो रहा था। इसके बाद तीनों ने कुल्हाड़ी और चाकू से कई वार कर श्यामलाल की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी रात में ही फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपी-
- दौलतराम धाकड़ पिता नाथूलाल, निवासी हिंगोरिया बड़ा
- गोपाल धाकड़ पिता बद्रीलाल, निवासी हिंगोरिया बड़ा
- रंगलाल बाछड़ा पिता कन्हैयालाल, निवासी रातीतलाई
- सुमित बाछड़ा पिता केशुराम, निवासी रातीतलाई
- अटलू बाछड़ा पिता बगदीराम, निवासी रातीतलाई
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

सराहनीय भूमिका-
इस खुलासे में निरीक्षक वरुण तिवारी, प्रआर 121 अर्जुन सिंह, प्रआर 116 रमीज राजा, प्रआर 295 राकेश शर्मा, प्रआर 608 दिलावर सिंह, प्रआर 69 अर्जुन सिंह, प्रआर 72 जीवन राठौर, आर 860 कन्हैयालाल मीणा, आर 311 महेंद्र, आर 13 विजयपाल सिंह, आर 513 मनीष दास बैरागी, आर 486 लाखन सिंह, आर 399 ईश्वर गेहलोत, आर 411 लियाकत मेव एवं साइबर सेल मंदसौर से उनि रितेश नागर, प्रआर 639 आशीष, आर 467 मनीष बघेल, आर 265 मुजफ्फर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
