मंदसौर। मंदसौर बायपास पर देर रात सड़क हादसे में मेडिकल कॉलेज के दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सामने से गलत दिशा में आ रही अज्ञात कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
घायलों की पहचान सरफराज पटेल (21) निवासी धार और दयाराम कटारे (21) निवासी रतलाम के रूप में हुई है। दोनों मंदसौर मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत हैं और करीब दो वर्षों से कॉलेज हॉस्टल में रह रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों छात्र बाइक से मेडिकल कॉलेज से मंदसौर शहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से रॉन्ग साइड से आ रही कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों के पैरों में हुआ फ्रैक्चर-
हादसे की जानकारी मिलने पर मेडिकल कॉलेज के अन्य छात्र मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जांच में सरफराज के बाएं पैर तथा दयाराम के दाएं पैर में फ्रैक्चर पाया गया। दोनों के शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर दोनों छात्रों के परिजन धार और रतलाम से मंदसौर पहुंचे। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को देर रात बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य माध्यमों से कार और चालक की तलाश में जुटी है।