सोनकच्छ। राजपूत करणी सेना के तत्वावधान में रविवार को सोनकच्छ में समान अधिकार यात्रा के साथ एक विशाल आमसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन द्वारा 12 सूत्री मांगों को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम संजीव सक्सेना को ज्ञापन सौंपा गया।
श्री राजपूत करणी सेना (कालवी विचारधारा) ने मध्यप्रदेश में ईडब्ल्यूएस सवर्ण क्रांति का आगाज करते हुए सामान्य वर्ग के लिए 10 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस आरक्षण को राजस्थान व गुजरात की तर्ज पर लागू करने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
समान अधिकार यात्रा स्थानीय बस स्टैंड से प्रारंभ होकर कृषि उपज मंडी तक निकाली गई, जिसमें जिले की विभिन्न तहसीलों से राजपूत समाज सहित सर्व समाज व सामान्य वर्ग के हजारों लोग शामिल हुए। यात्रा का नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
यात्रा में देवास विरासत के महाराज श्रीमंत विक्रम सिंह पवार, करणी सेना देवास जिला अध्यक्ष चिंटू रघुवंशी, देवास जिला पंचायत उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह बघेल सहित प्रदेशभर से आए पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे। कृषि उपज मंडी परिसर में पहुंचकर विशाल आमसभा को संबोधित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए विक्रम सिंह पवार एवं करणी सेना के प्रदेश प्रवक्ता व जिला अध्यक्ष चिंटू रघुवंशी ने कहा कि सामान्य वर्ग को ईडब्ल्यूएस आरक्षण का वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहा है। करणी सेना के प्रदेश प्रभारी ठा. जितेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि यदि सरकार 12 सूत्री मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लेती है, तो सोनकच्छ से शुरू हुआ यह आंदोलन पूरे मध्यप्रदेश में जिला स्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस आंदोलन में सामान्य वर्ग के अन्य संगठन भी साथ जुड़े हैं।