जीरन। जीरन नगर स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पर सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत संकुल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से निकाली गई खिलाड़ियों की विशाल रैली से हुआ, जिसे विधायक दिलीपसिंह परिहार एवं मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का समापन शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुआ, जहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर विधायक दिलीपसिंह परिहार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी खेल भावना से खेलें और जीवन में आगे बढ़ें। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और ऐसे आयोजनों से नई खेल प्रतिभाएं सामने आती हैं।
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों में विधायक दिलीपसिंह परिहार, मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर, नगर परिषद उपाध्यक्ष मुकेश राव तावरे, महामंत्री किशन अहिरवार, दिलीपसिंह चौहान, नगर भाजपा अध्यक्ष राजू मुकाती, कार्यक्रम प्रभारी दिलीप सुथार तथा प्राचार्य द्वय बी.एस. चौहान एवं रघुवीर आमेटा शामिल रहे।
सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत खो-खो, कबड्डी, सितौलिया एवं रस्साकसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जीरन संकुल अंतर्गत 13 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिताओं के विजेता
खो-खो में बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में पाटीदार हाई स्कूल जीरन की टीम विजेता रही। कबड्डी में बालक वर्ग में सांदीपनी विद्यालय जीरन एवं बालिका वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुचडोद विजेता रहा। रस्साकसी में बालक वर्ग में ज्ञानसरोवर विद्यालय जीरन तथा बालिका वर्ग में शासकीय हाई स्कूल चलदू की टीम ने विजय प्राप्त की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रतापसिंह पंवार, विनोद कुमार पुनी, वेंकटेश्वर जाट, कन्हैयादास अग्रावत, मुकेश जैन, आशुतोष सिंह चुंडावत, दीपक पाटीदार, आशीष सोनी, नरेंद्र शर्मा, हेमंत पाटीदार, धारासिंह, राजकुमार भट्ट एवं सत्येंद्रसिंह चौहान का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम का संचालन खेल महोत्सव प्रभारी दिलीप सुथार ने किया, स्वागत भाषण प्राचार्य बी.एस. चौहान ने दिया तथा आभार नगर भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र मुकाती ने व्यक्त किया।