अशोकनगर। जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मां जानकी माता मंदिर करीला धाम पर आगामी 8 मार्च 2026 को रंगपंचमी के अवसर पर वार्षिक मेला का आयोजन किया जाएगा। करीला मेला के आयोजन की पूर्व तैयारियों के संबंध में कलेक्टर आदित्य सिंह एवं पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बुधवार को करीला धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखा तथा संबंधित अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस दौरान विभिन्न मार्गों पर बने पार्किंग स्थल का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान पार्किंग हेतु टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि करीला धाम आने वाले वीआईपी मूवमेंट की उचित व्यवस्था रहे यह सुनिश्चित किया जाए। इस हेतु किसी भी प्रकार कोताही न बरती जाए। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्य को समय सीमा में पूर्ण किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल, लाइट, साफ सफाई के उचित प्रबंध रहे यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मंदिर परिसर के अतिक्रमण को हटाए जाने के निर्देश भी दिए।