नीमच। 17 दिसंबर 2025 को पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता ने मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रतलाम मंडल के अंतर्गत चित्तौड़गढ़-नीमच-रतलाम रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के पश्चात महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता ने नीमच रेलवे स्टेशन पर मीडिया से चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने नीमच रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों, भविष्य की योजनाओं तथा यात्रियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। चर्चा में रेलवे लाइन के दोहरीकरण, विभिन्न ट्रेनों के ठहराव (स्टॉपेज) एवं नीमच को मिलने वाली नई रेल सुविधाओं के विषय प्रमुख रूप से सामने आए।
महाप्रबंधक ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे निरंतर विकास योजनाओं पर कार्य कर रहा है और आने वाले समय में सुविधाओं में और विस्तार किया जाएगा।
इस अवसर पर पत्रकारों द्वारा नयागांव स्थित हाईवे पर रेलवे क्रॉसिंग एवं फाटक के कारण सड़क यात्रियों को होने वाली असुविधा का मुद्दा भी उठाया गया, जिस पर महाप्रबंधक ने संबंधित विभाग को अवगत कराने का आश्वासन दिया।