छतरपुर। जिले में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाए गए अवैध मकानों पर बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड इलाके में की जा रही है, जहां दर्जनों अवैध मकानों को जमींदोज किया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा तीन बुलडोजर मशीनों की मदद से अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई जारी है। बताया जा रहा है कि यह अतिक्रमण प्राचीन गोपाल टौरिया मंदिर की जमीन पर किया गया था, जिसे लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं।
कार्रवाई एसडीएम अखिल राठौर, तहसीलदार एवं नगर पालिका सीएमओ की उपस्थिति में की जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं द्वारा हंगामा किए जाने की भी जानकारी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रण में रखा।
प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि एवं धार्मिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।