भगवानपुरा। नगर स्थित शासकीय महाविद्यालय में मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार “कॉलेज चलो अभियान” के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य बारहवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत महाविद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित करना रहा। बैठक महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रकाश सोलंकी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें भगवानपुरा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में प्राचार्य डॉ. सोलंकी ने सत्र 2026-27 में कक्षा 12वीं उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों का महाविद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने उपस्थित प्राचार्यों से अपील की कि वे अपने-अपने विद्यालयों में अध्ययनरत 12वीं के विद्यार्थियों को महाविद्यालय में प्रवेश दिलाने हेतु वालंटियर के रूप में सहयोग करें।
इस दौरान विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं एवं शासन की विभिन्न योजनाओं जैसे छात्रवृत्ति, गांव की बेटी योजना, आवास सहायता योजना, निशुल्क पुस्तकें एवं स्टेशनरीकृकी जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा करियर निर्माण हेतु स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
डॉ. सोलंकी ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे भविष्य में भगवानपुरा को शिक्षा हब के रूप में पहचान मिल सके।
बैठक में भरत ताम्रकर (शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल, धूलकोट), शुभम पीपल्दे (माता शबरी कन्या शिक्षा परिषद, धूलकोट), सेवकराम साधौ (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भगवानपुरा), जगदीश किराडे (सांदीपनी विद्यालय, धूलकोट) एवं चंदन जर्वे (शासकीय सांदीपनी विद्यालय, बिस्टान) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज चलो अभियान प्रभारी डॉ. विवेक दुबे ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की जानकारी महाविद्यालय मीडिया प्रभारी डॉ. दिनेश गाठे ने दी।