नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर में विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए वार्ड क्रमांक 25 एवं 34 अंतर्गत वीर पार्क रोड (लायंस पार्क से महेश सर्किल तक) सड़क चौड़ीकरण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस सड़क के चौड़ीकरण पर करीब 9 लाख रुपये की लागत आएगी। कार्य पूर्ण होने के बाद सड़क न केवल चौड़ी बल्कि आकर्षक और सुगम यातायात योग्य बन जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन में चल रहे इस कार्य का निरीक्षण स्वयं नपाध्यक्ष ने नगर पालिका उपाध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक 25 की पार्षद रंजना करण सिंह परमाल, वार्ड क्रमांक 34 के पार्षद प्रतिनिधि विनीत पाटनी, पार्षद रूपेंद्र लोक्स, योगेश कविश्वर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठेकेदार एवं संबंधित इंजीनियरों को कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नपाध्यक्ष चोपड़ा ने कहा कि चौड़ी सड़कें शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ आवागमन को भी सुगम बनाती हैं। उन्होंने बताया कि पार्षदों के सहयोग से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य कराए जा रहे हैं और जहां कार्य शेष है, वहां भी शीघ्र ही सुंदर एवं टिकाऊ सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां सड़क चौड़ीकरण की संभावना है, वहां इसे प्राथमिकता के साथ किया जाएगा, क्योंकि सुंदर एवं चौड़ी सड़कें शहर की पहचान बनती हैं और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।