देवास। जिले में अमृत संचय अभियान के तहत जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा मल्हार स्मृति मंदिर देवास में ब्लू स्टार वाटर अवार्ड अलंकरण समारोहदृ2025 आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शासकीय, अशासकीय व निजी संस्थाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही अभियान अंतर्गत आयोजित निबंध, वाद-विवाद एवं कला प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में महापौर गीता अग्रवाल, कलेक्टर ऋतुराज सिंह, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ ज्योति शर्मा, नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, यूके से पर्यावरणविद प्रो. मार्क एंड्रूय एवं वॉटर विज़डम के निदेशक ओ.पी. शर्मा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा कि ब्लू स्टार वाटर अवार्ड का उद्देश्य अमृत संचय अभियान को और व्यापक बनाना तथा जिले के नागरिकों व संस्थाओं को जल संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। देवास जिले ने जल संरक्षण के क्षेत्र में देश में 9वां स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की अपील की।
सीईओ जिला पंचायत ज्योति शर्मा ने कहा कि अमृत संचय अभियान के तहत जल संरक्षण के कार्यों को अगले स्तर तक ले जाया जा रहा है। वर्षा जल का अधिकतम संचयन कर भू-जल स्तर बढ़ाने और जिले को वाटर सरप्लस बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रो. मार्क एंड्रूय (पर्यावरणविद, यूनाइटेड किंगडम) ने कहा कि देवास जिले में जल संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन और अमृत संचय अभियान टीम द्वारा किए जा रहे प्रयास प्रशंसनीय हैं और यह मॉडल अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत है।
अतिथियों ने कहा कि जल संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है। अमृत संचय अभियान ने आम नागरिकों को जोड़कर जल बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया है और यह अभियान भविष्य में सकारात्मक परिणाम देगा।