देवास। स्वच्छ शहर देवास को और अधिक स्वच्छ व प्रदूषण-मुक्त बनाए रखने के लिए नगर निगम द्वारा नवाचार किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर निगम देवास ने शहर में वायु प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से जुगाड़ तकनीक से निर्मित मिस्ट स्प्रे मशीन स्थापित की है।
नगर निगम के स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष एवं पार्षद धर्मेंद्र सिंह बेस ने बताया कि निगम की वर्कशॉप में पड़ी पुरानी मोटरों और लोहे के सामान का उपयोग कर यह मिस्ट स्प्रे मशीन तैयार की गई है, जिसे भोपाल चौराहे पर लगाया गया है। लगभग 20 फीट ऊंची यह मशीन स्प्रिंकलर की तरह घूमते हुए हवा में मिस्ट का छिड़काव करती है।
उन्होंने बताया कि मिस्ट हवा में घुलकर धूल के कणों को नीचे बैठा देती है, जिससे धूल से होने वाला वायु प्रदूषण कम हो रहा है। नगर निगम द्वारा भविष्य में शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी इस तरह की मशीनें लगाने की योजना है।