भौरासा। मध्य प्रदेश में पहली बार सोनकच्छ विधायक डॉ. राजेश सोनकर की पहल पर आयोजित विधायक प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के विजेताओं को हेलीकॉप्टर से यात्रा कराई जाएगी। प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी इंदौर से ओंकारेश्वर तक हेलीकॉप्टर से जाकर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देना रहा। इसमें 18 से 20 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया। विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 20 दिसंबर को भौरासा स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुआ, जिसमें निबंध, भाषण, प्रश्न मंच और एकल गीत प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने कहा कि यह पहल बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम है। प्रथम स्थान को हेलीकॉप्टर यात्रा, जबकि द्वितीय व तृतीय स्थान को पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।