मुरैना। जिले में खाद की भारी किल्लत के बीच खाद तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है, जबकि तस्कर खुलेआम खाद की सप्लाई दूसरे प्रदेश में कर रहे हैं।
आरोप है कि खाद वितरण अधिकारियों और तस्करों की मिलीभगत से चंबल नदी के उसैथ घाट से स्टीमर के जरिए खाद को उत्तर प्रदेश के पिनाहट शहर तक पहुंचाया जा रहा है। इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। खाद संकट से जूझ रहे किसान जहां खेतों में खाद के इंतजार में हैं, वहीं तस्करी का यह खेल प्रशासन की नाक के नीचे चल रहा है। खाद तस्करी से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कब और क्या कार्रवाई करता है।