चित्तौड़गढ़। राष्ट्रीय एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला एवं सेशन न्यायाधीश मान सिंह चूंडावत की अध्यक्षता में इस वर्ष की चतुर्थ राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 21 दिसम्बर 2025 को जिला मुख्यालय एवं समस्त ताल्लुका मुख्यालयों पर स्थित न्यायालयों में वृहद् स्तर पर किया गया। सर्वप्रथम जिला एवं सेशन न्यायाधीश मान सिंह चूंडावत, प्राधिकरण सचिव सुनील कुमार गोयल, मुख्य न्यायिक मजिस्टेट संतोष कुमार बैरवा एवं विशिष्ट न्यायिक मजिस्टेट(एन.आई.प्रकरण) रितिका श्रोती द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर लोक अदालत का शुभारम्भ किया गया। इस राष्ट्रीय लोक अदालत में जिले की विभिन्न न्यायालयों में विभिन्न प्रकृति के राजीनामा योग्य प्रकरणों का आपसी सहमति के आधार पर कुल 86579 प्रकरणों का निस्तारण किया गया, जिसमें 22.51 करोड़ रूपये का अवार्ड पारित किया गया। बैंक लोन, चेक अनादरण, बिजली विभाग, जलदाय विभाग, टेलीफोन विभाग एवं राजस्व विभाग से संबंधित कुल 46525 प्री-लिटिगेशन आवेदनों का निस्तारण किया जाकर 5 करोड़ 60 लाख रूपये का अवार्ड पारित किया गया। इसके साथ ही कुल 40054 लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जाकर 16.91 करोड़ रूपये के अवार्ड पारित किये गये। इन प्रकरणों को निस्तारित करने में कुल 16 बेंचों ने कार्य किया।
जिला एवं सेशन न्यायाधीश मान सिंह चूंडावत, प्राधिकरण सचिव सुनील कुमार गोयल, मुख्य न्यायिक मजिस्टेट संतोष कुमार बैरवा एवं विशिष्ट न्यायिक मजिस्टेट(एन.आई.प्रकरण) रितिका श्रोती ने जिला मुख्यालय पर गठित बैंचेज की कार्यवाही देखी और पक्षकारों से भी बात की। राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सफल बनाने मे सहयोग करने वाले न्यायिक अधिकारीगण, बैंच के सदस्यगण, अधिवक्तागण, पक्षकारान, न्यायिक कर्मचारियों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण् का आभार व्यक्त किया।