नीमच। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी यातायात सोनू बड़गुर्जर एवं यातायात पुलिस टीम द्वारा दिनांक 25 दिसंबर 2025 को चौपड़ा चौराहा पर नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान वाहन चेकिंग में 15 नाबालिग वाहन चालक वाहन चलाते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। साथ ही नाबालिग चालकों के अभिभावकों को समझाइश दी गई कि वे अपने बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नाबालिग द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नाबालिग बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके। नाबालिग बच्चों में यातायात नियमों की पर्याप्त समझ नहीं होती, जिससे उनके जीवन और भविष्य को गंभीर खतरा हो सकता है।
यातायात पुलिस ने सभी माता-पिता से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को मोटरसाइकिल अथवा अन्य वाहन न दें तथा स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नाबालिग के वाहन चलाते पाए जाने पर अभिभावक पूर्ण रूप से जिम्मेदार माने जाएंगे और उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें, वाहन के सभी दस्तावेज पूर्ण रखें तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।