नीमच। शहर में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। स्कीम नंबर 36-ए के पीछे स्थित सर्वे नंबर 23 एवं 24 की कीमती शासकीय भूमि पर लंबे समय से संचालित अवैध ईंट भट्टों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।

एसडीएम संजीव साहू ने बताया कि उक्त भूमि पर रामप्रसाद ग्वाला उर्फ कल्ला द्वारा अवैध कब्जा कर ईंट भट्टे संचालित किए जा रहे थे। इस संबंध में वर्ष 2025 में ही बेदखली के आदेश जारी किए जा चुके थे तथा अतिक्रमणकर्ता को सात दिन पूर्व नोटिस भी दिया गया था। निर्धारित समयावधि में कब्जा नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने आज दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर निर्णायक कार्रवाई करते हुए 65 करोड़ कीमत की भूमि को मुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अजेंद्र नाथ प्रजापति, नायब तहसीलदार संजय मालवीय, घनश्याम पांडे, पंकज श्रीवास्तव, सुरेश पाठक सहित नगर पालिका का अमला एवं प्रशासनिक बल मौजूद रहा। कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न की गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में आगे भी अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त एवं निरंतर अभियान जारी रहेगा।
