खरगोन। नगर पालिका द्वारा टंट्या मामा की प्रतिमा स्थापना को लेकर उठे विवाद में जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रतिमा स्थल पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में भगवानपुरा विधायक केदार डाबर, भीकनगांव विधायक झूमा सोलंकी तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाईक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका खरगोन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि टंट्या मामा की प्रतिमा के लिए 9.90 लाख रुपये की लागत का टेंडर जारी किया गया, जबकि मौके पर एक लाख रुपये से भी कम कीमत की फाइबर की मूर्ति स्थापित की गई है। कांग्रेस का आरोप है कि यह सीधा-सीधा भ्रष्टाचार का मामला है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने इसे आदिवासी समाज का अपमान बताया और कहा कि टंट्या मामा आदिवासी समाज के गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के नायक हैं, उनकी प्रतिमा के साथ इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है।
कांग्रेस ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और जिम्मेदार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।