मनासा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल शनिवार को नीमच जिले के मनासा पहुंचे। उन्होंने वार्ड नंबर 6 स्थित सिपाई मोहल्ला में GBS पीड़ित बालक कृतिकेश उर्फ केशव (6.5 वर्ष) के घर जाकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। बालक का उपचार उदयपुर के भंडारी हॉस्पिटल में चल रहा था, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने परिजनों को ढांढस बंधाया और गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिलाया। साथ ही मृतक बालक के घर के सामने स्थित सार्वजनिक शौचालय से परिवार को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए उसे शीघ्र हटवाने का भी आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मनासा विधायक अनिरुद्ध मारू, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही उज्जैन कमिश्नर आशीष सिंह, भोपाल से आए वरिष्ठ अधिकारी तरुण राठी एवं सलोनी सिड़ाना, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं चिकित्सकगण भी मौजूद थे।