इंदौर। भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई मौतों के विरोध में कांग्रेस द्वारा लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को देवास में कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रयास गोतम एवं ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनीष चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंडूक पुष्कर पर एक दिवसीय उपवास रखकर धरना दिया।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इंदौर की घटना के बाद सरकार की असंवेदनशीलता साफ तौर पर सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि जब श्रेय लेने की बात आती है तो प्रधानमंत्री से लेकर मंत्री और अधिकारी सबसे आगे रहते हैं, लेकिन जब जनता की जान जाती है तो सभी मौन हो जाते हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि आखिर जनप्रतिनिधियों की नैतिक जिम्मेदारी कहां गई। न तो किसी मंत्री ने इस्तीफा दिया और न ही महापौर ने जवाबदेही तय की। कांग्रेस ने पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग करते हुए प्रत्येक मृतक परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की।
उन्होंने बताया कि आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी इंदौर पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती पीड़ितों से चर्चा की। नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा शोषित और पीड़ित वर्ग के साथ खड़े रहते हैं।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यह मामला संसद में भी उठाया जाएगा और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रहेगा। सरकार को गूंगी-बहरी बताते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता, आंदोलन लगातार चलता रहेगा।