मनासा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल शनिवार को मनासा पहुंचे। नगर में फैल रही जीबीएस बीमारी को लेकर उन्होंने स्थानीय डाक बंगले पर अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री के निर्देशों के पालन में एसडीएम किरण आंजना, तहसीलदार मुकेश निगम, नगर परिषद मनासा के सीएमओ, पार्षद प्रतिनिधियों एवं नगर परिषद कर्मचारियों के साथ नगर के विभिन्न वार्डों में पैदल भ्रमण किया गया। इस दौरान नल जल आपूर्ति के चैंबरों का निरीक्षण किया गया। जहां कमियां पाई गईं, वहां तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए गए।
टीम ने नगर के खाली प्लॉटों में पड़े कचरे के ढेरों की शीघ्र सफाई कराने तथा पशु बंधन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। प्रशासन ने नगरवासियों से अपील की कि वे उबला हुआ पानी ही पिएं, पूर्ण सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार के बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय तिवारी, पार्षद प्रतिनिधि लालचंद्र राठौर, दिनेश राठौर, बंटी सहगल, पार्षद दशरथ खाटवा सहित नगर परिषद के नल चालक एवं सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।