नीमच। शहर में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को एसडीएम संजीव साहू ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक- 2 के मैदान में एक स्टैंडिंग बैठक आयोजित कर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह जिला मुख्यालय स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक- 2 के मैदान पर आयोजित किया जाएगा। समारोह की मुख्य रिहर्सल 24 जनवरी को संपन्न होगी।
26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम निर्धारित समय पर आयोजित होगा, जिसमें शासन द्वारा नियुक्त मुख्य अतिथि द्वारा परेड की सलामी ली जाएगी। कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही प्रतिवर्षानुसार अन्य शासकीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार संजय मालवीय, नगर पालिका की मुख्य अधिकारी दुर्गा बामनिया, जिला शिक्षा अधिकारी एसएम मांगरिया सहित नगर पालिका, शिक्षा विभाग एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।