खरगोन जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खरगोन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के थाना मंडलेश्वर पुलिस ने सूने घरों में ताले तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 4 लाख 4 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोला अली पिता कालू खान बंजारा (मुसलमान), उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम खेरवा जागीर, थाना मनावर के रूप में हुई है। आरोपी पर पूर्व में चोरी व लूट सहित 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दिनदहाड़े चोरी की घटना का खुलासा
पुलिस के अनुसार, दिनांक 4 जनवरी 2026 को फरियादी भगवान निवासी ग्राम गुलावड़ ने थाना मंडलेश्वर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 3 जनवरी 2026 को अज्ञात बदमाशों ने उनके घर का ताला तोड़कर गोदरेज में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में दीपक यादव के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। विवेचना के दौरान आरोपी मोला अली की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद मुखबिर की सूचना पर उसे अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में किया अपराध स्वीकार
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से बारीकी और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया लगभग 4,04,200 जप्त मशरुका को विधिवत जब्त कर आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।
अन्य जिलों में भी की वारदातें
पूछताछ में आरोपी ने सनावद, खंडवा, बुरहानपुर, नेपानगर, इंदौर, धार, जोबट, दाहोद और पंचमहल सहित अन्य क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। संबंधित थानों को इसकी सूचना दी जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी के फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है, जिसे शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।