छतरपुर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रदेशभर में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, भोपाल के तत्वावधान में संचालित “ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान” के अंतर्गत छतरपुर जिले के विकासखण्ड राजनगर में प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शासकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय राजनगर में युग प्रवर्तक स्वामी विवेकानंद एवं अन्य महापुरुषों को नमन करते हुए संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अतिथि देवो भव की परंपरा का निर्वहन करते हुए अतिथियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि नगर परिषद राजनगर के अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता शासकीय महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष संजीव शुक्ला ने की।
कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक मनीष शर्मा जी ने परिषद की गतिविधियों को गांव-गांव एवं पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में प्रस्फुटन समितियों तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व पाठ्यक्रम में छात्रों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने अभियान को गति प्रदान करने में युवाओं की सहभागिता को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
मुख्य अतिथि जितेन्द्र वर्मा ने अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद के जीवन, उनके विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम का आयोजन छतरपुर जिला समन्वयक आशीष ताम्रकार जी के निर्देशन में, विकासखण्ड राजनगर के ब्लॉक समन्वयक की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान उपस्थितजनों को नशामुक्त समाज, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य तथा संस्कारित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के महत्व पर विशेष रूप से जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों को स्वल्पाहार वितरित किया गया। आभार विक्रमपुर सेक्टर से नवांकुर प्रतिनिधि भरत यादव ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में राजनगर विकासखण्ड की नवांकुर संस्था, परामर्शदाता , एमएसडब्ल्यू प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्र, ब्लॉक की सक्रिय प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।