प्रतापगढ़। जिले के अरनोद क्षेत्र में चूपना और मोवाई के बीच रविवार देर शाम करीब 8 बजे स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के कुछ ही देर बाद स्कॉर्पियो में आग लग गई और दोनों वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोटड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार जब टीम घटनास्थल पर पहुंची, तब न तो स्कॉर्पियो सवार और न ही बाइक सवार मौके पर मौजूद थे। हादसे के बाद दोनों वाहनों में सवार लोग कहां गए, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में आग कैसे लगी तथा दोनों वाहनों में कितने लोग सवार थे। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक दोनों वाहनों को भारी नुकसान हो चुका था।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आगे की कार्रवाई जारी है।