इंदौर। एयर इंडिया की अव्यवस्था और लापरवाही का खामियाजा इंदौर की एक दंपति को भुगतना पड़ा। इंदौर से केरल घूमने के बाद कोच्चि से वापस इंदौर लौट रहे इस दंपती की यात्रा एयरलाइन की बार-बार फ्लाइट रिशेड्यूलिंग के कारण लगभग 16 घंटे से ज्यादा लेट हुई और दोनों को एयरपोर्ट की कुर्सियों पर रात गुजारना पड़ी। कल शाम के बजाय दोनों आज सुबह पुणे होते हुए इंदौर पहुंचे।
खातीवाला टैंक में रहने वाले आईटी प्रोफेशनल योगेश वाधवानी अपनी पत्नी खुशबू के साथ 7 दिनों के केरल टूर पर गए थे। कल वापसी में एयर इंडिया की कोच्चि से दिल्ली और दिल्ली से इंदौर की फ्लाइट बुक की थी। कोच्चि से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट दोपहर 1ः20 बजे रवाना होकर 4ः30 बजे दिल्ली पहुंचना थी और दिल्ली से 6ः50 बजे इंदौर की फ्लाइट थी।
योगेश ने बताया कि कोच्चि से ही फ्लाइट को कई बार रिशेड्यूल किया गया। पहले इसे 4ः30 बजे जाना बताया गया, फिर 5ः30 बजे, आखिरकार यह 5ः42 बजे रवाना हुई और रात 8ः21 बजे दिल्ली पहुंची। इस देरी के कारण दिल्ली-इंदौर की फ्लाइट पहले ही रवाना हो चुकी थी। योगेश ने बताया कि उन्हें दिल्ली से इंदौर की इंडिगो में शिफ्ट किया जाना था, जिससे वे रात को ही इंदौर पहुंच सकते थे, इसके बजाय कंपनी ने उन्हें पुणे जाने को कहा।
दिल्ली से भेजा पुणे, रात कुर्सियों पर गुजारी
पूरे दिन कोच्चि एयरपोर्ट पर इंतजार के दौरान यात्रियों को न तो लाउंज की सुविधा दी गई और न ही भोजन या विश्राम की कोई व्यवस्था की गई। कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने के बाद एयर इंडिया ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दंपती को दिल्ली से पुणे भेजा और फिर पुणे से सुबह इंदौर भेजने का प्लान बताया।
रात 2ः30 बजे उन्हें पुणे भेजा गया, यहां भी ना तो ठहरने की व्यवस्था की ना खाने पीने की। पूरी रात उन्होंने पुणे एयरपोर्ट की कुर्सियों पर गुजारी। यहां से सुबह की एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से 9ः10 बजे इंदौर पहुंचे। एयर इंडिया के अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई पर किसी ने जवाब नहीं दिया है।