मुरैना। जिले में एक आलू व्यापारी के साथ गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। हथियारों से लैस 5 से 6 बदमाशों ने व्यापारी की आंखों में मिर्ची झोंककर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी अनिल चौधरी गुना से आगरा आलू के पैसे देने के लिए नेशनल हाईवे के रास्ते जा रहे थे। इसी दौरान मुरैना जिले की सीमा में आरोपियों ने उनकी गाड़ी को पहले कट मारा, फिर रास्ते में रोककर हमला किया। बदमाशों ने व्यापारी की आंखों में मिर्ची झोंक दी और इसके बाद लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
सिविल लाइन थाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित रास्तों पर नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।