नीमच। नीमच रेलवे स्टेशन पर बुधवार को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई। मुरैना जिले के निवासी शुभम धाकड़ का पर्स स्टेशन परिसर में उस समय गिर गया, जब वे अपने भाई को छोड़ने पहुंचे थे। वर्तमान में शुभम धाकड़ जावद में अपने जीजा के यहां निवासरत हैं।
रेलवे स्टेशन पर आते-जाते समय अनजाने में गिरा यह पर्स फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के एक कर्मचारी को मिला। कर्मचारी ने पर्स मिलने के बाद बिना किसी लालच के और बिना समय गंवाए उसे कैंट थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
कैंट पुलिस ने भी तत्परता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए पर्स में मौजूद दस्तावेजों एवं संपर्क नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की और शुभम धाकड़ से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाकर पर्स सुरक्षित लौटा दिया।
पर्स वापस मिलने पर उसमें रखी नकदी राशि एवं सभी आवश्यक दस्तावेज पूरी तरह सुरक्षित पाए गए। पर्स प्राप्त कर शुभम धाकड़ ने राहत की सांस ली और फॉरेस्ट विभाग के कर्मचारी एवं कैंट पुलिस का आभार व्यक्त किया।
यह घटना न केवल पुलिस और फॉरेस्ट विभाग की ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाती है, बल्कि समाज में विश्वास, जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों को सशक्त करने वाली एक सराहनीय एवं प्रेरक मिसाल के रूप में सामने आई है।