पिपलियामंडी। गुरुवार को अमर शहीद हेमू कालानी की पुण्यतिथि पर पिपलियामंडी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिंधी समाज के वरिष्ठजनों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने शहीद के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
वक्ताओं ने शहीद हेमू कालानी के जीवन और राष्ट्रहित में दिए गए बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अल्पायु में ही देश की आजादी के लिए सर्वाेच्च बलिदान दिया। उनका साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर सिंधी समाजजनों ने नगर परिषद से पिपलियामंडी के किसी प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर अमर शहीद हेमू कालानी की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। समाजजनों ने कहा कि इससे शहीद को स्थायी सम्मान मिलेगा और आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान से प्रेरणा ले सकेंगी।